चलती कार में धमाके के साथ लगी आग, सारनाथ फ्लाईओवर पर मचा हड़कंप; कूदकर भागे युवक
वाराणसी में रविवार देर रात सारनाथ फ्लाईओवर पर एक तेज रफ्तार कार अचानक आग का गोला बन गई। पहाड़िया से सारनाथ की ओर जा रही स्विफ्ट कार में अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते तेज धमाके के साथ आग फैल गई। आग लगते ही कार सवार युवक किसी तरह बाहर निकलकर जान बचाते हुए मौके से दूर भागे।
जानकारी के अनुसार चौबेपुर थाना क्षेत्र के बराई गांव निवासी अभिलाष सिंह अपने एक दोस्त के साथ खरीदारी कर लौट रहे थे। रात करीब 11 बजे उनकी कार जैसे ही सारनाथ फ्लाईओवर पर पहुंची, तभी वाहन में तकनीकी खराबी के चलते इंजन से धुआं निकलने लगा। कुछ ही सेकंड में बोनट से लपटें उठने लगीं और आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।
फ्लाईओवर पर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की ऊंची लपटें देखकर राहगीरों ने अपने वाहन रोक दिए। लोगों को आशंका थी कि कहीं कार का टैंक फट न जाए, इसलिए आसपास मौजूद लोग दूर हट गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
घटना की जानकारी फायर ब्रिगेड को दी गई, जिसके बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। वाहन के अंदर रखा सामान, सीटें और अन्य हिस्से राख में तब्दील हो गए।
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि कार में शॉर्ट सर्किट या इंजन ओवरहीट होने की वजह से आग लगी। हालांकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



No comments