• Breaking News

    नौतपा के तेवर पड़ेंगे नरम, वाराणसी सहित पूर्वांचल में बादलों की दस्तक का अलर्ट


    • मोहम्मद रिजवान
    वाराणसी :- नौतपा की तीखी गर्मी के बीच पूर्वांचल के लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले दो दिनों के बाद क्षेत्र के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। तेज धूप और लू का असर फिलहाल जारी रहेगा, लेकिन सप्ताह के उत्तरार्ध में बादलों की सक्रियता बढ़ने से तापमान में बढ़ोतरी पर विराम लग सकता है।

    मंगलवार सुबह मौसम अपेक्षाकृत सुहाना रहा, लेकिन दिन चढ़ने के साथ सूरज के तेवर फिर से तल्ख हो गए। सुबह 10 बजे के बाद गर्म हवाओं ने रफ्तार पकड़ ली और दोपहर तक लू जैसे हालात बन गए। शहर और आसपास के इलाकों में दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा नजर आया तथा लोग गर्मी से बचने के लिए घरों में रहने को मजबूर रहे।

    मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में वाराणसी का अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री ज्यादा है। हवा में नमी का स्तर 22 से 46 प्रतिशत के बीच बना रहा।

    विशेषज्ञों का कहना है कि स्थानीय स्तर पर बढ़ रही गर्मी और वातावरण में नमी की उपलब्धता के कारण आने वाले दिनों में बादलों का विकास तेज हो सकता है। इसके चलते कहीं-कहीं हल्की बारिश या गरज-चमक की गतिविधियां भी देखने को मिल सकती हैं। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक फिलहाल तापमान अपने उच्च स्तर पर बना रहेगा, लेकिन अगले कुछ दिनों में इसमें और अधिक वृद्धि की संभावना कम है।

    पूर्वांचल के कई जिलों में सप्ताह के अंत तक आंशिक बादल छाने और मौसम के मिजाज में नरमी आने की संभावना जताई गई है। ऐसे में नौतपा का प्रभाव धीरे-धीरे कमजोर पड़ सकता है और लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने के संकेत हैं।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad