• Breaking News

    प्रेम प्रसंग में हाईवोल्टेज ड्रामा: शादी की जिद पर मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, पुलिस की पहल से मंदिर में हुई शादी


    • मोहम्मद रिजवान
    वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक युवती अपने प्रेमी से विवाह की मांग को लेकर गांव के मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती ने चेतावनी दी कि यदि उसकी शादी प्रेमी से नहीं कराई गई तो वह टावर से छलांग लगा देगी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए।
    पश्चिमपुर अहरक गांव की रहने वाली 21 वर्षीय युवती का काफी समय से निवासनी गांव निवासी युवक सनी विश्वकर्मा से प्रेम संबंध चल रहा था। बताया जाता है कि दोनों विवाह करना चाहते थे, लेकिन पारिवारिक असहमति के चलते मामला अटक गया था। इसी तनाव के बीच युवती सुबह टावर पर चढ़ गई और शादी की मांग पर अड़ गई।

    ग्रामीणों ने पहले अपने स्तर पर युवती को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई। सूचना मिलने पर बड़ागांव पुलिस मौके पर पहुंची और काफी देर तक समझाइश का दौर चला। पुलिसकर्मियों ने धैर्य और सूझबूझ से काम लेते हुए युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया।

    इसके बाद दोनों पक्षों के परिजनों को थाने बुलाया गया, जहां कई घंटों तक बातचीत चली। युवक और युवती ने एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने की इच्छा जताई, जबकि परिवारों के बीच मतभेद बने रहे। पुलिस ने मध्यस्थता करते हुए दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया।

    आखिरकार दोनों परिवारों की मौजूदगी में प्रेमी युगल को रामनगर स्थित एक शिव मंदिर ले जाया गया, जहां उन्होंने एक-दूसरे को वरमाला पहनाकर विवाह कर लिया। शादी संपन्न होने के बाद पुलिस और परिजनों ने राहत की सांस ली।

    घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रेम विवाह को लेकर पारिवारिक दबाव कई बार युवाओं को भावनात्मक कदम उठाने पर मजबूर कर देता है। वहीं पुलिस अधिकारियों ने कहा कि समय रहते कार्रवाई किए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।

    फिलहाल दोनों परिवारों के बीच शेष मतभेद दूर कराने का प्रयास जारी है, ताकि नवविवाहित जोड़ा अपने वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत सौहार्दपूर्ण माहौल में कर सके।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad