• Breaking News

    वाराणसी: घर से फरार प्रेमी युगल ने रचाई शादी, लौटने पर थाने में जुटे दोनों पक्षों के परिजन


    • मोहम्मद रिजवान
    वाराणसी (मिर्जामुराद) :- प्रेम संबंध के चलते करीब पंद्रह दिन पहले घर से लापता हुए प्रेमी युगल के वापस आने पर मामला चर्चा का विषय बन गया। दोनों ने घर छोड़ने के बाद मुंबई जाकर विवाह कर लिया था। शनिवार को दोनों के लौटने की सूचना मिलने पर पुलिस ने उन्हें थाने बुलाया, जहां दोनों पक्षों के परिजन भी बड़ी संख्या में पहुंच गए।

    जानकारी के अनुसार, मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक और दूसरे समुदाय की युवती के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। करीब दो सप्ताह पहले दोनों अपने-अपने घर से चले गए थे। युवती के परिजनों ने बेटी की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराते हुए उसे बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया था।

    पुलिस जांच के दौरान दोनों से संपर्क स्थापित किया गया, जिसके बाद वे वापस वाराणसी पहुंचे। थाने में पूछताछ के दौरान युवती ने बताया कि दोनों ने मुंबई में नोटरी के माध्यम से विवाह कर लिया है और वह अपने पति के साथ ही रहना चाहती है।

    चूंकि युवक और युवती दोनों बालिग बताए जा रहे हैं, ऐसे में पुलिस कानूनी प्रक्रिया के तहत मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है।

    घटना के बाद दोनों परिवारों के बीच तनाव की स्थिति बनी रही, हालांकि आपसी बातचीत के जरिए मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने की कोशिश की जा रही है।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad