प्रेम संबंध में विवाद के बाद किशोर ने उठाया आत्मघाती कदम, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
वाराणसी :- चोलापुर थाना क्षेत्र के राजापुर गांव में एक किशोर द्वारा खुद को आग लगाने की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से झुलसे किशोर को तत्काल उपचार के लिए कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, राजापुर निवासी 17 वर्षीय अमन राजभर किसी कार्य से जंसा थाना क्षेत्र के हरसोस गांव गया था। बताया जा रहा है कि वहां उसकी मुलाकात एक युवती से हुई, जिससे उसका परिचय और करीबी संबंध होने की बात सामने आ रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान अमन ने कथित तौर पर आवेश में आकर अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया और आग लगा ली। अचानक हुई इस घटना से मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया और गंभीर हालत में किशोर को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। परिजनों का कहना है कि वह काफी झुलस गया है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी अस्पताल पहुंची और परिजनों सहित अन्य लोगों से पूछताछ की। शुरुआती जांच में मामला आपसी संबंधों में हुए विवाद से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में इस मामले को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।

No comments