सदर तहसील में लगा सम्पूर्ण समाधान दिवस, डीएम ने अफसरों को दिए सख्त निर्देश
वाराणसी:- जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से शनिवार को सदर तहसील सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने की। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं में जनसमस्याओं का समाधान प्रमुख है, इसलिए सभी अधिकारी संवेदनशीलता के साथ कार्य करें और पीड़ित व जरूरतमंद लोगों को प्राथमिकता के आधार पर राहत दिलाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
भूमि विवाद से जुड़े मामलों पर विशेष जोर देते हुए डीएम ने राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर जाकर निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 185 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 13 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी समेत विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

No comments