• Breaking News

    मानसून से पहले नालों की सफाई युद्धस्तर पर पूरी करें, लापरवाही पर होगी कार्रवाई : मंत्री एके शर्मा


    • मोहम्मद रिजवान
    वाराणसी :-  आगामी मानसून को देखते हुए नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने शनिवार को शहर की सफाई व्यवस्था, जलनिकासी और विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। सर्किट हाउस सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ने कहा कि बरसात से पहले शहर के सभी छोटे-बड़े नालों की सफाई युद्धस्तर पर पूरी कर ली जाए, ताकि जलजमाव और गंदगी की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।


    मंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि केवल नालों की सफाई कर देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनसे निकाली गई सिल्ट और मलबे का समय से उठान भी सुनिश्चित किया जाए। यदि सफाई के बाद सिल्ट दोबारा नालों में बहती मिली या सड़कों पर गंदगी फैली दिखाई दी तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।

    बैठक में स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मंत्री ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण में वाराणसी को देश के शीर्ष तीन शहरों में शामिल कराने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों को नियमित फील्ड निरीक्षण करने और आम जनता की छोटी से छोटी समस्या को भी गंभीरता से लेकर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

    सड़कों की खराब स्थिति पर नाराजगी जताते हुए मंत्री ने शहर की सभी प्रमुख एवं आंतरिक सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए तत्काल पैचवर्क अभियान शुरू करने का निर्देश दिया। साथ ही सड़कों के किनारे पड़े पत्थर, ईंट और निर्माण सामग्री पर भी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि इससे सड़क हादसों का खतरा बढ़ता है। उन्होंने संबंधित विभागों को तत्काल मलबा हटाकर सड़कें व्यवस्थित करने को कहा।

    बैठक में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि शहर के 18 वार्डों में सीवर नेटवर्क सुधार और शुद्ध पेयजल आपूर्ति से जुड़े कार्य जल्द शुरू किए जाएंगे। इन परियोजनाओं को दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

    बैठक में अपर नगर आयुक्त सविता यादव, संगम लाल, अमित कुमार, विनोद गुप्ता, मुख्य अभियंता आरके सिंह, जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह, एनएसए एसके चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad