• Breaking News

    वाराणसी में विवाहिता ने ससुर और देवर पर लगाए छेड़छाड़ के आरोप, विरोध करने पर मारपीट; कैंट थाने में केस दर्ज


    वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र स्थित सदर बाजार इलाके में एक विवाहिता ने अपने ससुर और देवर पर छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    शिवपुर थाना क्षेत्र के सरसवां चांदमारी निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी वर्ष 2017 में सदर बाजार निवासी राजू पुत्र नरेश के साथ हुई थी। विवाह के समय उसके मायके पक्ष की ओर से नकद रुपये, बाइक, सोने के आभूषण और गृहस्थी का सामान दिया गया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष उसे कम दहेज लाने का ताना देकर प्रताड़ित करता था।

    पीड़िता के अनुसार, सास मुन्नी देवी, ससुर नरेश लाल, देवर सूरज और काजू, ननद सोनी, चचिया सास संध्या देवी तथा चचिया ससुर केशव आए दिन उसके साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार करते थे। महिला ने आरोप लगाया कि ससुर नरेश लाल और देवर काजू उस पर गलत नीयत रखते थे और कई बार छेड़छाड़ कर चुके थे। जब उसने इसकी शिकायत परिवार में की तो उसे चुप रहने के लिए दबाव बनाया गया।

    महिला ने बताया कि हाल ही में सुबह पानी भरने के दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि ननद और देवर ने उसके साथ मारपीट की और कमरे में खींचकर लोहे की रॉड से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई। घटना के बाद आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए।

    सूचना मिलने पर कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad