नौतपा में तपेगा पूर्वांचल, कल से लू का कहर, वाराणसी समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
मोहम्मद रिजवान
वाराणसी :- पूर्वांचल समेत वाराणसी में भीषण गर्मी का दौर लगातार जारी है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के लिए हीट वेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसी बीच सोमवार से नौतपा की शुरुआत होने जा रही है, जिससे तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार नौतपा के शुरुआती दिनों में लू और गर्म हवाओं का असर तेज रहेगा, जबकि 27 मई के बाद मौसम में आंशिक बदलाव देखने को मिल सकता है।
रविवार सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया। सुबह के समय ही तापमान में तेजी महसूस की गई और दोपहर होते-होते लू के थपेड़ों ने जनजीवन को प्रभावित किया। शाम तक गर्म हवाओं का असर बना रहा, वहीं रात के समय भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में वाराणसी का अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री ज्यादा है। आर्द्रता का स्तर 16 से 37 प्रतिशत के बीच दर्ज किया गया।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगले कुछ दिनों तक गर्मी और लू का प्रभाव बना रहेगा। हालांकि महीने के अंतिम सप्ताह में स्थानीय स्तर पर गर्मी से उत्पन्न परिस्थितियों के कारण बादलों की सक्रियता बढ़ सकती है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट और मौसम में बदलाव के संकेत मिल सकते हैं। फिलहाल वाराणसी और आसपास के जिलों में लोगों को तेज धूप और लू से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
No comments