• Breaking News

    पीएम मोदी पर कथित टिप्पणी को लेकर अजय राय की मुश्किलें बढ़ीं, वाराणसी में भी दर्ज हुए दो मुकदमे


    • मोहम्मद रिजवान
    वाराणसी :- कांग्रेस के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। महोबा में मुकदमा दर्ज होने के बाद अब वाराणसी के चौक थाने में भी उनके खिलाफ दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। आरोप है कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबंध में विवादित बयान दिया था, जिसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों में नाराजगी देखने को मिल रही है।

    महिला व्यापार मंडल नेता और युवक की तहरीर पर कार्रवाई

    जानकारी के अनुसार, वाराणसी महिला व्यापार मंडल की पदाधिकारी सुनीता सोनी ने चौक थाने में अजय राय के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। इसके अलावा आर्यन पंड्या की ओर से भी अलग तहरीर दी गई, जिसके आधार पर पुलिस ने दूसरा मुकदमा दर्ज किया। दोनों शिकायतों में आरोप लगाया गया है कि महोबा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अजय राय ने प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की।

    भाजपा कार्यकर्ताओं ने जताया विरोध

    मामले को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने भी कड़ा विरोध दर्ज कराया है। कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए अजय राय के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। उनका कहना है कि देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ इस तरह की भाषा का प्रयोग राजनीतिक मर्यादाओं के विपरीत है।

    अजय राय ने आरोपों को बताया निराधार
    विवाद बढ़ने के बीच अजय राय ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि उन्होंने प्रधानमंत्री के खिलाफ कोई आपत्तिजनक बयान नहीं दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो एआई तकनीक से तैयार किया गया है और उसे भ्रामक तरीके से प्रसारित किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि महोबा की एक बेटी के मुद्दे को उठाने के कारण उन्हें राजनीतिक रूप से निशाना बनाया जा रहा है। अजय राय ने कहा कि वह सच के लिए किसी भी जांच और कार्रवाई का सामना करने को तैयार हैं।

    वायरल वीडियो से शुरू हुआ विवाद

    बताया जा रहा है कि 22 मई को महोबा के समद नगर क्षेत्र में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी कार्यक्रम से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद राजनीतिक हलकों में विवाद शुरू हो गया। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने वीडियो के आधार पर आरोप लगाया कि अजय राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की, जबकि अजय राय इसे फर्जी और एआई जनरेटेड वीडियो बता रहे हैं।

    फिलहाल मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और वायरल वीडियो की सत्यता की भी पड़ताल की जा रही है।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad