गाजी मियां की मेदनी का निकला जुलूस, पलंग-पीढ़ी बहराइच रवाना
वाराणसी:- हजरत सैयद सलार मसूद गाजी मियां रहमतुल्लाह अलैह की मेदनी का जुलूस जुमा को रवायतों के साथ निकाला गया। इस दौरान पलंग-पीढ़ी बहराइच रवाना हो गई। इससे पहले तमाम रस्में पूरे अदब और अकीदत के साथ पूरी की गई। कार्यक्रम दरगाह कमेटी के गद्दीनशीन हाजी एजाजुद्दीन हाशमी की देखरेख और सदर हाजी सेराजुद्दीन अहमद की सरपरस्ती में आयोजित किया गया।
पारंपरिक तरीके से गाजी मियां बाबा के श्रृंगार कार्यक्रम के तहत पलंग-पीढ़ी, निशान और अन्य धार्मिक सामान लेकर दरगाह परिसर में जुलूस निकाला गया। जुलूस में शामिल लोगों ने पूरी अकीदत के साथ रस्मों को अदा किया।
दरगाह कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम प्रशासन की अनुमति और तय दिशा-निर्देशों के अनुसार शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया गया। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए कमेटी के सदस्य लगातार सक्रिय रहे, जुलूस में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और दूर-दराज से पहुंचे जायरीन शामिल हुए। पूरे दरगाह परिसर में धार्मिक माहौल बना रहा और लोगों ने गाजी मियां की शान में दुआएं मांगीं।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से डॉ. अजीजुर्रहमान, नियाजुद्दीन हाशमी, अब्दुल्लाह हाशमी, शमीम अख्तर, कैसर हयात हाशमी, आरिफ हाशमी, निजामुद्दीन, मुख्तार अहमद और अब्दुल लतीफ फौव्वारा सहित कई लोग मौजूद रहे, गद्दीनशीन हाजी एजाजुद्दीन हाशमी ने सभी जायरीन और प्रशासन का सहयोग के लिए आभार जताया।



No comments