वाराणसी में जनता को निर्बाध बिजली देने पर जोर, मंडलायुक्त ने विभागीय अधिकारियों को किया निर्देशित
वाराणसी :- भीषण गर्मी के बीच आमजन को निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंडलायुक्त एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अभियंता (वितरण), अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता समेत विद्युत विभाग के अधिकारी और शहर के कई पार्षद मौजूद रहे।
बैठक के दौरान मंडलायुक्त ने बिजली आपूर्ति व्यवस्था, ट्रांसफार्मरों की स्थिति, फाल्ट सुधार और उपभोक्ता शिकायतों के निस्तारण की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि खराब ट्रांसफार्मरों को बदलने में देरी न हो और फील्ड में लगातार निगरानी रखी जाए।
उन्होंने कहा कि सभी बिजलीघरों पर तैनात कर्मचारी, जेई और एसडीओ अपने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से लगातार संपर्क में रहें तथा उनके फोन कॉल तत्काल रिसीव करें। साथ ही बिजली कटौती या मरम्मत कार्य की जानकारी उपभोक्ताओं तक पहले से सोशल मीडिया, व्हाट्सएप ग्रुप और अन्य माध्यमों से पहुंचाई जाए।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित होने पर तत्काल कार्रवाई की जाए और आउटेज का समय न्यूनतम रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गर्मी के मौसम में अनावश्यक कटौती किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि अधिकारी नियमित रूप से अपने क्षेत्रों का भ्रमण करें और फील्ड की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण कर समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। इसके अलावा कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन को पूरी तरह सक्रिय रखने पर भी जोर दिया गया ताकि उपभोक्ताओं की शिकायतों का तुरंत निस्तारण हो सके।
मंडलायुक्त ने चेतावनी देते हुए कहा कि प्रशासन स्तर से औचक निरीक्षण कराया जाएगा और यह भी जांची जाएगी कि बिजलीघरों पर तैनात अधिकारी एवं कर्मचारी फोन रिसीव कर रहे हैं या नहीं। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में विद्युत विभाग के अधिकारियों ने वर्तमान आपूर्ति व्यवस्था, संभावित चुनौतियों और सुधार कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की। मंडलायुक्त ने सभी अधिकारियों को समन्वय बनाकर जनता को बेहतर और सुचारु बिजली व्यवस्था उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।


No comments