बकरीद से पहले वाराणसी पुलिस एक्टिव मोड में, प्रमुख इलाकों में फ्लैग मार्च कर लोगों से की शांति बनाए रखने की अपील
वाराणसी :- आगामी बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आई। अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) श्री शिवहरी मीणा ने पुलिस अधिकारियों के साथ मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों, प्रमुख मस्जिदों, ईदगाहों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान पुलिस उपायुक्त काशी जोन श्री गौरव बंसवाल, सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज श्री शुभम सिंह समेत संबंधित थाना प्रभारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग, पुलिस पिकेट, ड्रोन और सीसीटीवी निगरानी, मोबाइल पेट्रोलिंग तथा पैदल गश्त को और मजबूत करने पर जोर दिया गया। साथ ही सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
अपर पुलिस आयुक्त ने संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, ट्रैफिक और कूड़ा निस्तारण जैसी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि ईदगाहों और नमाज स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय धर्मगुरुओं, शांति समिति के सदस्यों और संभ्रांत नागरिकों से संवाद कर आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की। साथ ही प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी, सार्वजनिक स्थानों पर अवशेष फेंकने और भड़काऊ पोस्टर-बैनर लगाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि बकरीद का पर्व शांति, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं, किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या डायल-112 पर दें।




No comments