घाटों पर उतरे पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए निर्देश
वाराणसी :- कमिश्नरेट वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सोमवार को शहर के प्रमुख घाट क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए दशाश्वमेध घाट, गोदौलिया, नमो घाट और अस्सी घाट तक पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की तथा संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि वाराणसी के घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों एवं आमजन की सुरक्षा कमिश्नरेट पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। घाट क्षेत्रों में लगातार पैदल गश्त, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा कर सुरक्षा तंत्र को और अधिक मजबूत बनाया जा रहा है। उन्होंने सभी अधिकारियों को सतर्कता, प्रभावी पुलिसिंग एवं जनसहयोग के साथ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि गंगा नदी केवल एक जलधारा नहीं बल्कि देश की आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है। गंगा घाटों एवं नदी क्षेत्र में नशीले पदार्थों का सेवन तथा गंदगी फैलाना पूर्णतः प्रतिबंधित है। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने दशाश्वमेध घाट से गोदौलिया तक पैदल भ्रमण कर अवैध अतिक्रमण से आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं नमो घाट से अस्सी घाट तक निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए घाटों पर लगे सुरक्षा उपकरणों को अद्यावधिक रखने, एनडीआरएफ एवं जल पुलिस को सतर्क एवं सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए।
घाट क्षेत्रों में स्टंट और खतरनाक कर्तबाजी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के साथ ही गंगा में जल विहार करने वाले सभी लोगों के लिए लाइफ जैकेट अनिवार्य करने के निर्देश भी दिए गए। नाविकों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया।
श्रद्धालुओं को स्नान के दौरान डूबने जैसी घटनाओं से बचाने के लिए घाटों पर डीप वाटर बैरिकेडिंग की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। एनडीआरएफ और जल पुलिस द्वारा नाविकों एवं श्रद्धालुओं को लगातार सुरक्षा उपायों और सतर्कता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। जल पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के तहत नियमों की अवहेलना करने वाले नाविकों के खिलाफ अब तक 31 अभियोग दर्ज किए गए हैं तथा 58 नावों को सीज़ किया गया है।
वहीं जनपद में “ऑपरेशन चक्रव्यूह” अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों एवं अतिक्रमणकारियों के खिलाफ अभियान चलाया गया। विशेष चेकिंग के दौरान 22 वाहनों को सीज़ किया गया तथा 529 वाहनों का चालान करते हुए कुल 10 लाख 62 हजार 500 रुपये का शमन शुल्क अधिरोपित किया गया।
बाजारों एवं अत्यधिक भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में भी अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों द्वारा पैदल गश्त कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया गया। साथ ही आमजन को यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन वैभव बांगर सहित अन्य राजपत्रित अधिकारी एवं पुलिस बल मौजूद


No comments