ट्रिपिंग और कटौती पर सख्त एक्शन में MD शंभू कुमार, रात में किया औचक निरीक्षण, अफसरों को दिए निर्देश
वाराणसी :- शहर में लगातार बढ़ रही बिजली की मांग और ट्रिपिंग की समस्या को देखते हुए पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (PVVNL) के प्रबंध निदेशक शंभू कुमार मंगलवार देर रात अचानक निरीक्षण पर निकल पड़े। उनके औचक दौरे से विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
एमडी ने रामनगर, पन्नालाल पार्क और शक्तिपीठ स्थित 33/11 केवी उपकेंद्रों का निरीक्षण कर बिजली आपूर्ति की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने 11 केवी फीडरों पर बढ़ते लोड, बार-बार हो रही ट्रिपिंग, ब्रेकडाउन और शटडाउन की विस्तार से समीक्षा की। मौके पर मौजूद अधिकारियों से जवाब-तलब करते हुए उन्होंने साफ कहा कि उपभोक्ताओं की परेशानी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एमडी ने बिजली विभाग के अधिकारियों को कई अहम निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि सभी फीडरों से जुड़ी ट्रिपिंग और शटडाउन की जानकारी तत्काल ‘वर्कफोर्स ऐप’ पर अपडेट की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को सही समय पर सूचना मिल सके।
इसके अलावा उन्होंने निर्देश दिया कि बिजली बाधित होने की जानकारी जनप्रतिनिधियों, मीडिया कर्मियों और उपभोक्ताओं के व्हाट्सएप ग्रुपों में तुरंत साझा की जाए, जिससे अफवाह और भ्रम की स्थिति न बने।
एमडी ने ओवरलोड और खराबी की आशंका वाले क्रिटिकल ट्रांसफार्मरों को चिन्हित कर तत्काल सुधार कार्य कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही हेल्पलाइन नंबर 1912 पर आने वाली शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में निर्बाध बिजली आपूर्ति विभाग की पहली प्राथमिकता है। लापरवाही करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



No comments