बंगाल CM शुभेंदु अधिकारी के पीए हत्याकांड में बड़ा एक्शन: वाराणसी से कोयला कारोबारी विनय राय गिरफ्तार, सीबीआई ने ट्रांजिट रिमांड पर लिया
वाराणसी:- पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार सुबह वाराणसी से आरोपी विनय राय उर्फ पमपम को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी कैंट थाना क्षेत्र स्थित पुलिस लाइन के पास से की गई। आरोपी मूल रूप से गाजीपुर जिले के जमानिया थाना क्षेत्र के मतसा गांव का निवासी बताया जा रहा है और झारखंड के धनबाद में कोयला कारोबार से जुड़ा हुआ है।
सीबीआई के अनुसार, विनय राय पर हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे पहले से दर्ज हैं। एजेंसी को जांच के दौरान उसके खिलाफ अहम सबूत मिले थे, जिसके बाद कई दिनों से पूर्वांचल के अलग-अलग जिलों में उसकी तलाश की जा रही थी।
जांच एजेंसी ने आरोपी को वाराणसी की मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया, जहां से उसे 48 घंटे की ट्रांजिट रिमांड पर सीबीआई को सौंप दिया गया। इसके बाद टीम उसे अपने साथ पश्चिम बंगाल लेकर रवाना हो गई।
बताया जा रहा है कि चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में शूटर उपलब्ध कराने, फंडिंग करने और हथियार मुहैया कराने में विनय राय की अहम भूमिका सामने आई है। इससे पहले इस मामले में बलिया निवासी राज सिंह और राजकुमार सिंह की गिरफ्तारी हो चुकी है। पूछताछ में ही विनय राय और गाजीपुर निवासी संजय राय का नाम सामने आया था।
सीबीआई सूत्रों के मुताबिक, आरोपी लगातार ठिकाने बदल रहा था और गाजीपुर स्थित अपने गांव से भी फरार हो गया था। इसी बीच सूचना मिली कि वह वाराणसी के कैंट इलाके में मौजूद है और रेलवे स्टेशन की ओर भागने की तैयारी में है। इसके बाद सीबीआई टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
गौरतलब है कि 6 मई 2026 को पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी, जिसमें उनकी मौत हो गई थी। जांच में सामने आया कि हमले के दौरान कई राउंड गोलियां चलाई गईं और बलिया निवासी शूटर राजकुमार सिंह ने चंद्रनाथ रथ पर फायरिंग की थी।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया गया और फिर अदालत में पेश किया गया। कोर्ट ने आदेश दिया है कि आरोपी को 21 मई की शाम छह बजे तक संबंधित अदालत में पेश किया जाए।


No comments