• Breaking News

    पेट्रोल-डीजल फिर महंगा, आम आदमी की जेब पर बढ़ा दबाव


    वाराणसी :- लगातार बढ़ती महंगाई के बीच पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर इजाफा कर दिया गया है। एक सप्ताह के अंदर दूसरी बार हुए इस बढ़ोतरी ने आम जनता की परेशानी और बढ़ा दी है। मंगलवार को सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दाम में करीब 90 पैसे प्रति लीटर तक की वृद्धि कर दी, जिसके बाद रोजमर्रा के खर्चों पर असर साफ दिखाई देने लगा है।

    इससे पहले भी हाल ही में तेल कंपनियों ने करीब तीन रुपये प्रति लीटर तक कीमतें बढ़ाई थीं। लगातार हो रही इस बढ़ोतरी से वाहन चालकों के साथ-साथ मध्यम वर्ग और छोटे कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि अब घर का बजट संभालना मुश्किल होता जा रहा है।

    महानगरों में बढ़ी नई दरें

    नई दिल्ली में पेट्रोल करीब 99 रुपये प्रति लीटर के करीब पहुंच गया है, जबकि डीजल भी 92 रुपये प्रति लीटर के आसपास बिक रहा है। मुंबई, कोलकाता और चेन्नई जैसे महानगरों में भी पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार रिकॉर्ड स्तर की ओर बढ़ रहे हैं। कई शहरों में पेट्रोल 100 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच चुका है।

    अंतरराष्ट्रीय हालात बने वजह

    विशेषज्ञों के मुताबिक पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल का सीधा असर भारतीय बाजार पर पड़ रहा है। ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच जारी तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनिश्चितता बनी हुई है। कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने से तेल कंपनियों की लागत बढ़ी है, जिसका भार अब उपभोक्ताओं पर डाला जा रहा है।

    हर सामान पर पड़ेगा असर

    पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ने का असर केवल वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहता। माल ढुलाई महंगी होने से सब्जियां, फल, दूध, राशन और निर्माण सामग्री तक की कीमतों में बढ़ोतरी होने लगती है। आने वाले दिनों में सार्वजनिक परिवहन किराए बढ़ने की भी आशंका जताई जा रही है।

    जनता को राहत का इंतजार

    सरकार फिलहाल अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को जिम्मेदार बता रही है, लेकिन आम लोगों को राहत मिलने के कोई संकेत नजर नहीं आ रहे हैं। वाराणसी समेत देशभर में लोग लगातार बढ़ती महंगाई से परेशान हैं और अब सबकी निगाहें सरकार तथा तेल कंपनियों के अगले फैसले पर टिकी हुई हैं।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad