नशे के अड्डों पर SOG की दबिश, 18 युवक हिरासत में; दो ठिकानों से नशीले फ्लेवर बरामद
वाराणसी :- सिगरा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एसओजी और सिगरा पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध रूप से संचालित हुक्का बारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस ने पहले अपने जवानों को ग्राहक बनाकर भेजा और पुष्टि होने के बाद दो अलग-अलग स्थानों पर एक साथ छापेमारी की।
पुलिस टीम ने डब्ल्यूएच स्मिथ स्कूल रोड स्थित एक होटल के बेसमेंट में संचालित ‘लव बाइट’ हुक्का बार पर दबिश दी। कार्रवाई की भनक लगते ही संचालक अभिषेक सोनकर और अजीत बिंद पीछे के रास्ते से फरार हो गए, जबकि कर्मचारी विवेक को मौके से पकड़ लिया गया। छापेमारी के दौरान वहां मौजूद 13 युवकों को भी हिरासत में लिया गया। पुलिस ने कई हुक्के और बड़ी मात्रा में विभिन्न प्रकार के फ्लेवर बरामद किए।
इसके बाद पुलिस ने आकाशवाणी तिराहे के समीप स्थित ‘लॉर्ड ऑफ शीशा’ रेस्टोरेंट में छापा मारा। जांच में यहां भी अवैध रूप से हुक्का परोसा जाता मिला। पुलिस ने संचालक नितेश विश्वकर्मा उर्फ बाबू समेत दो कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया। रेस्टोरेंट में अलग-अलग टेबलों पर हुक्के लगाए गए थे और ग्राहकों को विभिन्न फ्लेवर परोसे जा रहे थे। यहां से दो युवकों को भी नशा करते हुए पकड़ा गया।
छापेमारी के दौरान रेस्टोरेंट में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग वहां से निकलने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने सभी को गेट पर रोककर पूछताछ की। जांच के बाद संदिग्ध अवस्था में मिले लोगों को हिरासत में लिया गया।
सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्र और एसओजी प्रभारी गौरव सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में हुक्का उपकरण, तंबाकू उत्पाद और नशीले फ्लेवर बड़ी मात्रा में बरामद किए गए। मौके पर पहुंचे एसीपी चेतगंज शुभम सिंह ने बताया कि दोनों प्रतिष्ठानों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है तथा फरार संचालकों की तलाश भी शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।





No comments