• Breaking News

    वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा एक्शन: SOG-2 भंग, कई इंस्पेक्टर बदले गए, CP ने दी सख्त चेतावनी


    वाराणसी :- पुलिस कमिश्नरेट में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। शनिवार को आयोजित सैनिक सम्मेलन और मासिक अपराध समीक्षा बैठक में पुलिस आयुक्त ने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त रुख अपनाते हुए SOG-2 टीम को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया। टीम में तैनात सभी पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन भेजने के निर्देश दिए गए हैं।


    बैठक में पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि जनसुनवाई, अपराध नियंत्रण, विवेचना और कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को ही महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जाएंगी। खराब कार्यप्रणाली और शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कई थाना प्रभारियों और चौकी इंचार्जों का तबादला किया गया।

    पुलिस विभाग में हुए प्रमुख तबादले

    • -निरीक्षक प्रमोद कुमार पांडेय को मिर्जामुराद थाना प्रभारी पद से हटाकर पुलिस लाइन भेजा गया।
    • साइबर क्राइम थाना में तैनात निरीक्षक गोपाल जी कुशवाहा को मिर्जामुराद का नया प्रभारी निरीक्षक बनाया गया।
    • कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा को सिगरा थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
    • सिगरा प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र को रामनगर भेजा गया।
    • रामनगर थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय को कैंट थाने की कमान दी गई।
    • रोडवेज चौकी प्रभारी कुमार गौरव सिंह को पुलिस लाइन भेजा गया।
    • पुलिस आयुक्त के PRO विकास सिंह को रोडवेज चौकी प्रभारी नियुक्त किया गया।

    नए सिपाहियों के लिए सख्त ट्रेनिंग व्यवस्था

    बैठक में नए भर्ती आरक्षियों के प्रशिक्षण और अनुशासन पर भी विशेष जोर दिया गया। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए कि नए सिपाहियों को प्रतिदिन 12 घंटे का प्रशिक्षण दिया जाए, जिसमें 6 घंटे इनडोर और 6 घंटे आउटडोर ट्रेनिंग शामिल होगी।

    इनडोर प्रशिक्षण में CCTNS, ग्राम अपराध रजिस्टर, हिस्ट्रीशीटर रजिस्टर, गुमशुदगी और NCR रजिस्टर जैसी प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया नीति का पूरी तरह पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए गए।

    ट्रैफिक सुधार और सड़क हादसों पर फोकस

    शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक मार्शल और थाना पुलिस संयुक्त रूप से जाम की समस्या कम करने का प्रयास करेगी।

    इसके अलावा बिना नंबर प्लेट, तीन सवारी और रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। सड़क दुर्घटनाओं में मौतों को शून्य तक लाने के लक्ष्य पर काम करने की बात कही गई।

    अपराधियों पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई

    पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिया कि सामान्य मामलों में 60 दिन और गंभीर मामलों में 90 दिन के भीतर विवेचना पूरी कर चार्जशीट दाखिल की जाए। गोतस्करी, चोरी, धोखाधड़ी, NDPS और साइबर अपराध से जुड़े आरोपियों पर तत्काल गुंडा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट लगाने के आदेश दिए गए हैं।

    महिला अपराधों को लेकर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने और शिकायतों पर संवेदनशील एवं त्वरित कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया।

    बैठक में अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त आलोक प्रियदर्शी समेत कमिश्नरेट के सभी राजपत्रित अधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad