• Breaking News

    पालतू कुत्ते को लेकर विवाद में मारपीट, युवती ने छेड़खानी और हत्या के प्रयास का लगाया आरोप


    • मोहम्मद रिजवान
    वाराणसी :- मंडुवाडीह थाना क्षेत्र स्थित वाराणसी इनक्लेव लेन नंबर-1 में पालतू कुत्ते को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। एक युवती ने पड़ोसियों पर मारपीट, छेड़खानी और जानलेवा हमला करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

    पीड़िता आस्था सेहता पुत्री रवि कुमार के मुताबिक, बीते मंगलवार की रात वह अपनी मां के साथ कॉलोनी में टहल रही थीं। इसी दौरान उनके पालतू कुत्ते ने पड़ोसी बलवंत सोनकर के घर के पास गंदगी कर दी। इस पर उन्होंने तत्काल माफी मांग ली थी, लेकिन आरोप है कि देर रात एक मोबाइल नंबर से फोन कर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई।

    आस्था का कहना है कि 15 मई की रात जब वह दोबारा अपनी मां के साथ टहलने निकलीं, तभी आरोपित पक्ष की एक महिला ने धक्का देकर विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए और मारपीट करने लगे। पीड़िता ने आरोप लगाया कि इस दौरान उनके साथ अभद्रता और छेड़खानी की गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पिता को गंभीर रूप से पीटा गया।

    मामले में मंडुवाडीह थाने में अपराध संख्या 167/2026 के तहत बीएनएस की धारा 115(2), 352, 351(3) और 74 के अंतर्गत बलवंत सोनकर, उसकी पत्नी और बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad