• Breaking News

    वाराणसी में गांजा तस्करों पर बड़ा प्रहार, लोहता पुलिस और SOG ने 54 किलो गांजा किया बरामद


    • मोहम्मद रिजवान

    वाराणसी :- लोहता कमिश्नरेट पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत लोहता पुलिस और एसओजी वाराणसी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से करीब 54.160 किलोग्राम अवैध गांजा, एक मालवाहक ट्रक और 580 रुपये नगद बरामद किए हैं। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।

    पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन में अपराध एवं मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 19 मई 2026 को शाम करीब 4:50 बजे थाना लोहता पुलिस एवं एसओजी टीम द्वारा सभईपुर अंडरपास के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान हरहुआ की तरफ से आ रहे एक संदिग्ध मालवाहक ट्रक को रोककर तलाशी ली गई।

    पूछताछ में चालक ने अपना नाम वकील बिन्द पुत्र स्वर्गीय राधेश्याम बिन्द निवासी ग्राम रंगपुर, थाना दरियाव, जनपद रोहतास, बिहार, उम्र 29 वर्ष बताया। उसने पुलिस को बताया कि वह फल लोड करने के लिए बिहार से प्रयागराज जा रहा है। हालांकि पुलिस को उसके जवाब पर शक हुआ, जिसके बाद ट्रक की गहन तलाशी ली गई।

    तलाशी के दौरान ट्रक के आगे बने विशेष डिवाइडर में छिपाकर रखा गया 54.160 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह दूसरे राज्य से गांजा खरीदकर वाराणसी एवं आसपास के क्षेत्रों में अधिक मुनाफे पर बेचने के उद्देश्य से लेकर आ रहा था।

    पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले भी उड़ीसा राज्य के अढ़ामाली, अनुगुर जनपद में एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस अब उसके अन्य राज्यों में मौजूद आपराधिक इतिहास और तस्करी नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।

    इस संबंध में थाना लोहता पर मु0अ0सं0-0162/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

    कार्रवाई करने वाली टीम में शामिल अधिकारी व पुलिसकर्मी

    • थानाध्यक्ष दिगम्बर उपाध्याय
    • वरिष्ठ उपनिरीक्षक राज दर्पण तिवारी
    • उपनिरीक्षक मो. परवेज
    • उपनिरीक्षक योगेन्द्र कुमार
    • उपनिरीक्षक ऋतुराज मिश्रा
    • उपनिरीक्षक कौशल कुमार सिंह
    • हेड कांस्टेबल विकल्प राय
    • हेड कांस्टेबल सत्यप्रकाश सिंह
    • कांस्टेबल अजीत कुमार
    • कांस्टेबल ऋषिकेश राय
    • एसओजी प्रभारी गौरव कुमार सिंह व उनकी टीम

    पुलिस अधिकारियों के अनुसार मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad