• Breaking News

    काशी में गर्मी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, दिन में लू तो रात में भी नहीं मिल रही राहत


    • मोहम्मद रिजवान
    वाराणसी :- धर्मनगरी काशी इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। तेज धूप और आग उगलती पछुआ हवाओं ने लोगों का घरों से निकलना मुश्किल कर दिया है। सुबह से ही सूरज के तीखे तेवर लोगों को परेशान कर रहे हैं, जबकि दोपहर होते-होते सड़कों पर सन्नाटा पसर जा रहा है। मौसम विभाग ने हालात को देखते हुए प्रदेश के कई हिस्सों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक राहत मिलने की संभावना बेहद कम है।

    वाराणसी समेत पूरे पूर्वांचल में तापमान लगातार सामान्य से ऊपर बना हुआ है। जिले का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी करीब 29 डिग्री दर्ज किया गया। रात के समय भी गर्म हवाएं और उमस लोगों की परेशानी बढ़ा रही हैं। उष्ण रात्रि की स्थिति के चलते लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही और बिजली कटौती ने हालात और खराब कर दिए हैं।

    मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, क्षेत्र में नमी बेहद कम होने और लगातार चल रही शुष्क पछुआ हवाओं के कारण गर्मी का असर कई गुना बढ़ गया है। 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही गर्म हवाएं लोगों को झुलसा रही हैं, जबकि कई बार इनके झोंके 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच जा रहे हैं। दोपहर के समय बाहर निकलना किसी चुनौती से कम नहीं रह गया है।

    भीषण गर्मी का असर अब स्वास्थ्य पर भी दिखाई देने लगा है। अस्पतालों में हीट स्ट्रोक, उल्टी, चक्कर और डिहाइड्रेशन के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। चिकित्सकों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में निकलने से बचने की सलाह दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि शरीर में पानी की कमी न होने दें और लगातार तरल पदार्थों का सेवन करते रहें।

    डॉक्टरों ने लोगों को सलाह दी है कि बाहर निकलते समय सिर और चेहरे को सूती कपड़े से ढकें, हल्के रंग के कपड़े पहनें और अपने साथ पानी की बोतल जरूर रखें। ओआरएस, छाछ, लस्सी, बेल का शरबत और नींबू पानी जैसी चीजों का सेवन गर्मी से राहत देने में मददगार साबित हो सकता है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी लू का असर जारी रहने की संभावना जताई है, ऐसे में लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad