• Breaking News

    मई में काशी पर मेहरबान रहा मौसम :- सामान्य से 104% अधिक बारिश, फिर बदल सकता है मौसम का मिजाज

    वाराणसी :-
    इस बार मई महीने में काशी का मौसम पूरी तरह बदला-बदला नजर आया। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार शहर में सामान्य से 104 प्रतिशत अधिक प्री-मानसून बारिश दर्ज की गई। जहां सामान्य तौर पर मई में 23.5 मिलीमीटर बारिश होती है, वहीं इस बार 48.1 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।

    मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पुरवा और पछुआ हवाओं की टकराहट के कारण जिले में दो बार तेज आंधी और जोरदार बारिश हुई। वहीं पश्चिमी विक्षोभ ने भी मौसम पर खास असर डाला। अप्रैल की तरह मई महीने का अंत भी बारिश के साथ हुआ।

    मई की शुरुआत अपेक्षाकृत ठंडक के साथ हुई और महीने के पहले 15 दिनों तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार नहीं पहुंचा। हालांकि 15 मई से 28 मई के बीच भीषण गर्मी और लू का प्रकोप देखने को मिला। इस दौरान तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया।

    मौसम विभाग के मुताबिक सामान्य तौर पर मई में तापमान 25.7 से 40.7 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है, लेकिन इस बार 20 दिन ऐसे रहे जब तापमान 40 डिग्री या उससे नीचे दर्ज किया गया। वहीं 10 दिनों तक पारा 40 डिग्री से ऊपर रहा और इनमें से तीन दिन तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकॉर्ड किया गया।

    रविवार को भी धूप तेज रही, लेकिन अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक ही पहुंच सका, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा की रफ्तार करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटा रही और नमी का स्तर 60 प्रतिशत तक पहुंच गया।

    मौसम विभाग ने सोमवार के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही 4 जून को भी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ फिलहाल उत्तर प्रदेश में चक्रवाती परिसंचरण के रूप में सक्रिय है। इसके प्रभाव के समाप्त होने के बाद एक बार फिर तेज गर्मी और लू का दौर लौट सकता है।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad