वाराणसी एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय गांजा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, छह विदेशी नागरिक गिरफ्तार
वाराणसी :- बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संचालित गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। कस्टम विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में छह विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से बड़ी मात्रा में हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, कस्टम विभाग की टीम ने शनिवार को एयरपोर्ट पर जांच और तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान बैंकॉक से आई एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-215 से पहुंचे छह थाई नागरिकों पर संदेह होने पर उनकी जांच की गई। तलाशी के दौरान उनके पास से लगभग 19.7 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में तीन महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। पकड़े गए लोगों की पहचान विचनचाई फलाकित, नट्ठाफोंग चंतराक, प्राचाया यीकोर, प्रिसाना चोडमोन, पट्टामावन चोटिमोन और सुनिसा पुएतपाकवानको के रूप में हुई है। सभी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
रविवार को आरोपियों को रिमांड मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 13 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। जांच एजेंसियों के अनुसार इस नेटवर्क की सरगना एक महिला बताई जा रही है, जो जांच एजेंसियों को चकमा देकर एयरपोर्ट से फरार होने में सफल रही।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि फरार महिला के पास कोई सामान नहीं था, जिससे वह शुरुआती जांच से बच निकली। अधिकारियों का मानना है कि वह बैंकॉक और वाराणसी के बीच इस तस्करी नेटवर्क की अहम कड़ी है। फिलहाल पुलिस और कस्टम विभाग सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं और उसकी तलाश तेज कर दी गई है।

No comments