स्टे आदेश के बावजूद दालमंडी में गरजा बुलडोजर, 14 मकान ध्वस्त; महीने के अंत तक बदलेगी काशी की तस्वीर
वाराणसी :- दालमंडी सड़क चौड़ीकरण और सुंदरीकरण परियोजना के तहत प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। सोमवार को वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए), लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और नगर निगम की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में क्षेत्र में ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। इस दौरान 14 चिन्हित भवनों को गिराने की कार्रवाई शुरू की गई, जिससे इलाके में दिनभर हलचल बनी रही।दालमंडी क्षेत्र के कुछ भवन स्वामियों द्वारा हाईकोर्ट में याचिका दायर किए जाने के बाद अदालत ने 20 मकानों पर फिलहाल किसी भी तरह की ध्वस्तीकरण कार्रवाई पर अंतरिम रोक लगा रखी है। प्रशासन ने कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए इन भवनों को कार्रवाई से बाहर रखा है।
चिन्हित भवनों पर चला अभियान
अधिकारियों के अनुसार जिन 14 भवनों पर कार्रवाई की गई, उन्हें पहले ही अवैध अथवा जर्जर घोषित किया जा चुका था। संबंधित भवन मालिकों को नोटिस जारी कर मकान खाली करने के निर्देश भी दिए गए थे। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद टीम ने ध्वस्तीकरण कार्य शुरू कराया।
संकरी गलियों में विशेष इंतजाम
दालमंडी की तंग गलियों और घनी आबादी को देखते हुए प्रशासन ने कई टीमों को अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया है। जहां मशीनों की पहुंच संभव नहीं है, वहां मजदूरों की सहायता से कटर और अन्य उपकरणों का उपयोग कर भवनों के हिस्सों को हटाया जा रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था पर प्रशासन की नजर
कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे। मौके पर पहुंचे एसीपी अतुल अंजान ने बताया कि अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संचालित किया जा रहा है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
जून के आखिर तक पूरा करने का लक्ष्य
परियोजना से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि दालमंडी सड़क चौड़ीकरण का कार्य जून के अंतिम सप्ताह तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए ध्वस्तीकरण और मलबा हटाने का काम तेज गति से कराया जा रहा है। प्रशासन का दावा है कि अभियान पूरा होने के बाद दालमंडी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और बाजार को नया स्वरूप मिलेगा।


No comments