• Breaking News

    वाराणसी में बेटे की सगाई से पहले पिता की हत्या, चारपाई पर सो रहे बुजुर्ग को बदमाशों ने मारी गोली

    वाराणसी
    के चौक थाना क्षेत्र स्थित बेनियाबाग में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब चारपाई पर सो रहे एक बुजुर्ग का खून से लथपथ शव मिला। मृतक की पहचान मिर्जापुर निवासी राजन के रूप में हुई है, जो अपने बेटे की आगामी सगाई समारोह में शामिल होने के लिए वाराणसी आए थे। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
    बताया जा रहा है कि राजन रविवार रात घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे। सुबह जब परिजनों की नजर उन पर पड़ी तो उनके शरीर पर गोली लगने के निशान थे। चारपाई के पास से एक खाली कारतूस भी बरामद हुआ है। सूचना पर चौक थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू कर दी।
    परिजनों के अनुसार, मृतक मिर्जापुर के नारायणपुर क्षेत्र के रहने वाले थे और 20 जून को होने वाली अपने बेटे की सगाई में शामिल होने के लिए कुछ दिन पहले ही बेनियाबाग आए थे। हैरानी की बात यह है कि घटना के समय उनका बेटा भी पास में सो रहा था, लेकिन उसे गोली चलने की आवाज तक सुनाई नहीं दी।
    मृतक के बेटे राजू ने बताया कि दो दिन पहले भी कुछ लोग हथियार लेकर उसके पिता के पास पहुंचे थे। उस समय शोर मचाने पर आरोपी वहां से भाग निकले थे। परिवार का आरोप है कि उसी घटना का संबंध इस हत्या से हो सकता है। राजू का कहना है कि उसके पिता को कई गोलियां मारी गई हैं।
    पुलिस जांच में सामने आया है कि राजन की दो पत्नियां हैं। पहली पत्नी मिर्जापुर में रहती है, जबकि दूसरी पत्नी बेनियाबाग में निवास करती है। बेटे की सगाई के चलते वह वाराणसी आए हुए थे और घर के समीप मंदिर के पास चारपाई डालकर सो रहे थे।
    डीसीपी काशी गौरव बंसवाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल बुजुर्ग को अस्पताल भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल से एक खोखा बरामद हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हत्या के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की जा रही हैं। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad