15 दिन में घटाएं बिजली लाइन लॉस, नहीं तो होगी सख्त कार्रवाई : DM सत्येंद्र कुमार का अल्टीमेटम
वाराणसी :- जिले में लगातार बढ़ रहे बिजली लाइन लॉस को लेकर जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि अगले 15 दिनों के भीतर लाइन लॉस में स्पष्ट सुधार दिखाई देना चाहिए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के फीडरवार लाइन लॉस का बारीकी से परीक्षण किया। अधिक लाइन लॉस वाले क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष अभियान चलाने, बिजली चोरी पर प्रभावी रोक लगाने, मीटर रीडिंग और बिलिंग संबंधी गड़बड़ियों को दूर करने तथा तकनीकी खामियों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपने क्षेत्र में लाइन लॉस के वास्तविक कारणों का विश्लेषण कर सुधारात्मक एवं प्रवर्तन कार्रवाई करें। उन्होंने निर्देश दिया कि 15 दिनों के भीतर विस्तृत प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, जिसमें लाइन लॉस कम करने के लिए उठाए गए कदम और उनके परिणाम स्पष्ट रूप से दर्ज हों।
बैठक में जिलाधिकारी ने आईजीआरएस पोर्टल पर लंबित शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने, जून माह की प्रगति रिपोर्ट के आधार पर खराब प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा फीडरवार उपभोक्ताओं की शत-प्रतिशत सही जियो-टैगिंग कराने के भी निर्देश दिए।


No comments