• Breaking News

    वाराणसी के यात्रियों को बड़ी सौगात, 17 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से जुड़ने का मिलेगा आसान विकल्प

    वाराणसी :-
    अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को बड़ी सुविधा देते हुए एयर इंडिया 25 जून 2026 से वाराणसी से अपनी नई 'ईजी कनेक्ट' सेवा शुरू करने जा रही है। इस व्यवस्था के तहत यात्रियों को विदेश यात्रा के लिए चेक-इन और इमिग्रेशन की प्रक्रिया वाराणसी एयरपोर्ट पर ही पूरी करने की सुविधा मिलेगी, जिससे दिल्ली जैसे हब एयरपोर्ट पर समय और परेशानी दोनों की बचत होगी।

    एयर इंडिया की यह पहल केंद्र सरकार के हब-एंड-स्पोक मॉडल के तहत शुरू की जा रही है, जिसका उद्देश्य टियर-2 और टियर-3 शहरों को वैश्विक हवाई नेटवर्क से बेहतर तरीके से जोड़ना है। इसके जरिए वाराणसी के यात्री अब एक ही टिकट पर अपने अंतिम अंतरराष्ट्रीय गंतव्य तक का सफर अधिक सहजता से कर सकेंगे।

    एयर इंडिया के ग्रुप हेड (गवर्नेंस, रिस्क, कंप्लायंस एवं कॉर्पोरेट अफेयर्स) पी. बालाजी ने कहा कि हब-एंड-स्पोक मॉडल को सफल बनाने के लिए एयरलाइंस, एयरपोर्ट प्रबंधन और सरकारी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस मॉडल को आने वाले समय में देश के अन्य शहरों तक भी विस्तार दिया जाएगा।

    नई व्यवस्था के तहत वाराणसी से दिल्ली जाने वाली दैनिक उड़ान एआई-1111 के माध्यम से यात्री दिल्ली पहुंचने के बाद चार घंटे के भीतर कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से जुड़ सकेंगे। इसमें लंदन, फ्रैंकफर्ट, मिलान, रोम, ज्यूरिख, सिंगापुर, मनीला, फुकेत, कुआलालंपुर, रियाद और दुबई सहित कुल 17 अंतरराष्ट्रीय गंतव्य शामिल हैं।

    'ईजी कनेक्ट' सेवा का सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि यात्रियों को दिल्ली में अपना सामान दोबारा लेने या पुनः चेक-इन करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उनका बैगेज सीधे अंतिम गंतव्य तक भेजा जाएगा और इमिग्रेशन की प्रक्रिया भी वाराणसी में ही पूरी हो जाएगी।

    एयर इंडिया के अनुसार, इस नई व्यवस्था से छोटे शहरों के यात्रियों को अंतरराष्ट्रीय यात्रा का अधिक सुविधाजनक और सहज अनुभव मिलेगा। कंपनी ने बताया कि 'ईजी कनेक्ट' उड़ानों की बुकिंग वेबसाइट, मोबाइल ऐप, कॉल सेंटर और अधिकृत ट्रैवल एजेंटों के माध्यम से शुरू कर दी गई है।

    यह पहल न केवल वाराणसी के यात्रियों के लिए विदेश यात्रा को आसान बनाएगी, बल्कि छोटे शहरों को वैश्विक हवाई संपर्क से जोड़ने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad