• Breaking News

    वाराणसी : शिवपुर में 17 वर्षीय छात्रा का शव फंदे पर मिला, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

    • मोहम्मद रिजवान
    वाराणसी :- शिवपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर इलाके में गुरुवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां इंटरमीडिएट की एक छात्रा का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में किशोरी को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

    जानकारी के अनुसार 17 वर्षीय छात्रा कक्षा 11 की पढ़ाई कर रही थी। उसके पिता बिजली मिस्त्री हैं, जबकि मां एक निजी विद्यालय में कार्यरत हैं। घटना के समय माता-पिता अपने-अपने काम पर गए हुए थे। घर में तीन बहनों में से बड़ी बहन कोचिंग गई थी और छोटी बहन दूसरे कमरे में मौजूद थी।
    दोपहर के समय छोटी बहन ने छात्रा को आवाज लगाई, लेकिन कमरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। दरवाजा बंद होने पर उसे संदेह हुआ। खिड़की से झांककर देखने पर छात्रा फंदे से लटकी दिखाई दी। इसके बाद शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दरवाजा खोलकर उसे नीचे उतारा।

    परिजन तत्काल उसे पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर शिवपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

    परिवार के लोगों का कहना है कि छात्रा पढ़ाई में मेधावी थी और उसके व्यवहार में हाल के दिनों में किसी तरह का असामान्य बदलाव भी देखने को नहीं मिला था। ऐसे में घटना के कारणों को लेकर परिजन भी हैरान हैं।

    पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad