• Breaking News

    विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती में शामिल हुए अभिनेता अमित सियाल, मां गंगा का पूजन कर लिया आशीर्वाद

    वाराणसी :-
    काशी के दशाश्वमेध घाट पर प्रतिदिन आयोजित होने वाली विश्व प्रसिद्ध मां गंगा की आरती में शुक्रवार को प्रसिद्ध अभिनेता अमित सियाल अपने सहयोगी पुनीत सिंह के साथ शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने वैदिक विधि-विधान से मां गंगा का पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और गंगा आरती का दिव्य एवं आध्यात्मिक दृश्य निहारा।
    गंगा आरती के दौरान अभिनेता अमित सियाल श्रद्धा और भक्ति में लीन दिखाई दिए। आरती की भव्यता, वैदिक मंत्रोच्चार और घाटों के आध्यात्मिक वातावरण ने उन्हें मंत्रमुग्ध कर दिया। गंगा सेवा निधि के विजिटर रजिस्टर में उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए लिखा कि “काशी आकर अद्भुत अनुभूति हुई। मां गंगा की आरती देखकर आत्मिक शांति प्राप्त हुई। आप सभी का धन्यवाद।”

    इस अवसर पर गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा, कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी, सचिव सुरजीत सिंह एवं हनुमान यादव ने अभिनेता अमित सियाल का अंगवस्त्र, प्रसाद और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।
    अमित सियाल भारतीय फिल्म और वेब सीरीज जगत का एक चर्चित नाम हैं। उन्होंने मिर्जापुर, जामताड़ा: सबका नंबर आएगा, काठमांडू कनेक्शन और इनसाइड एज जैसी लोकप्रिय वेब सीरीज में अपनी दमदार अभिनय क्षमता का परिचय दिया है। इसके अलावा वे अभिनेता रणबीर कपूर अभिनीत बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ में भी अहम भूमिका में नजर आने वाले हैं।

    काशी की आध्यात्मिक विरासत और विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती का अनुभव अभिनेता अमित सियाल के लिए यादगार रहा, जिसकी झलक उनके भावनात्मक संदेश में भी देखने को मिली।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad