कोलकाता में खराब मौसम का असर: 182 यात्रियों से भरी स्पाइसजेट फ्लाइट वाराणसी डायवर्ट, दो घंटे बाद भरी उड़ान
वाराणसी :- पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में बुधवार को खराब मौसम के चलते हवाई सेवाएं प्रभावित रहीं। इसी दौरान बागडोगरा से कोलकाता जा रही स्पाइसजेट की एक फ्लाइट को निर्धारित समय पर लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी, जिसके बाद विमान को वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर डायवर्ट करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, स्पाइसजेट का विमान बुधवार शाम करीब 3:30 बजे बागडोगरा एयरपोर्ट से 182 यात्रियों को लेकर कोलकाता के लिए रवाना हुआ था। कोलकाता के हवाई क्षेत्र में पहुंचने पर मौसम बेहद खराब होने के कारण विमान को उतरने की मंजूरी नहीं मिली। कुछ समय तक विमान हवा में होल्डिंग पैटर्न में रहा, लेकिन मौसम में सुधार नहीं होने पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने उसे वाराणसी भेजने का निर्णय लिया।
शाम करीब 5 बजे विमान ने वाराणसी के बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग की। विमान लगभग दो घंटे तक एयरपोर्ट के एप्रन पर खड़ा रहा। इस दौरान सभी 182 यात्री और चालक दल विमान में ही मौजूद रहे। एयरलाइन की ओर से यात्रियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।बाद में कोलकाता में मौसम सामान्य होने और हवाई यातायात बहाल होने की सूचना मिलने पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने विमान को आगे की उड़ान की अनुमति दी। इसके बाद शाम करीब 7 बजे स्पाइसजेट की फ्लाइट वाराणसी से कोलकाता के लिए रवाना हो गई।
खराब मौसम के कारण फ्लाइट डायवर्ट होने से यात्रियों को कुछ समय तक असुविधा का सामना करना पड़ा, हालांकि विमान की सुरक्षित लैंडिंग और बाद में गंतव्य के लिए रवाना होने से यात्रियों ने राहत की सांस ली।


No comments