परिवार के बाहर जाते ही सूने मकान में सेंध, पैरामिलिट्री जवान के घर से लाखों की चोरी
जानकारी के अनुसार, मकान आईटीबीपी में तैनात जवान विकास सिंह का है। उनके पिता बृजेश सिंह ने बताया कि चोरों ने घर में घुसने के बाद करीब तीन घंटे तक पूरे मकान की तलाशी ली। बदमाशों ने प्रथम तल के दो कमरों और दूसरे तल के दो कमरों के दरवाजे तोड़ दिए। इतना ही नहीं, अलमारी के मजबूत लॉकर को भी तोड़कर उसमें रखे कीमती जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
चोरी हुए सामान में तीन सोने के हार, दो मंगलसूत्र, दो चेन, पांच अंगूठियां, दो जोड़ी झुमके, नाक का सेट समेत कई अन्य सोने-चांदी के आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा 50 हजार रुपये नकद भी चोरी हो गए।
घटना का खुलासा बुधवार सुबह तब हुआ, जब पड़ोस में रहने वाली निर्मला देवी पानी भरने के लिए बाहर निकलीं। उन्होंने घर का छोटा गेट खुला देखा और इसकी जानकारी तुरंत परिवार व मोहल्ले के लोगों को दी। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच-पड़ताल की।पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना की सूचना और तहरीर दिए जाने के बावजूद देर शाम तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया था। बृजेश सिंह प्रयागराज में ईंट-भट्ठे का संचालन करते हैं, जबकि उनके बेटे विकास सिंह आईटीबीपी में तैनात हैं। विकास अपनी पत्नी के साथ दमन-दीव घूमने गए हुए थे, जिसके चलते घर पूरी तरह खाली था।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ संदिग्ध
चोरी की पूरी वारदात गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में एक युवक नीले रंग की टी-शर्ट पहने घर में घुसता दिखाई दे रहा है। उसके कपड़ों पर सफेद और लाल रंग की पट्टियां भी नजर आ रही हैं। फुटेज के अनुसार, पहले प्रयास में घर में प्रवेश करने में असफल रहने पर उसने अपनी चप्पल गली में रखी एक पटिया के पीछे छिपाई और फिर दोबारा प्रयास कर मकान में दाखिल हो गया।
सीसीटीवी के मुताबिक संदिग्ध रात करीब 1:30 बजे घर में घुसा और सुबह 4:43 बजे एक पीले रंग का बैग लेकर बाहर निकलता दिखाई दिया। वहीं, एक अन्य युवक भी देर रात तक घर के आसपास संदिग्ध गतिविधियां करते और रेकी करते हुए कैमरे में कैद हुआ है।
फुटेज में रात करीब दो बजे फैंटम दस्ते का एक जवान भी उसी गली में गश्त करता दिखाई दे रहा है, जो करीब 15 मिनट तक क्षेत्र में मौजूद रहा। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है और पुलिस को रात्रि गश्त एवं सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करनी चाहिए।


No comments