मोहर्रम 2026: प्रयागराज में ऐतिहासिक बड़ा ताजिया का जुलूस इस वर्ष नहीं निकलेगा, कमेटी ने लिया सर्वसम्मति से फैसला
वाराणसी/प्रयागराज :- मोहर्रम 2026 के अवसर पर प्रयागराज के ऐतिहासिक बड़ा ताजिया से जुड़े आयोजन में इस बार बड़ा बदलाव किया गया है। बड़ा ताजिया मोहर्रम कमेटी की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष 9वीं और 10वीं मोहर्रम को पारंपरिक बड़ा ताजिया का जुलूस नहीं निकाला जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता कमेटी के अध्यक्ष रेहान खान ने की, जिसमें पदाधिकारियों और सदस्यों ने विस्तृत चर्चा के बाद यह निर्णय लिया। कमेटी ने स्पष्ट किया कि बड़ा ताजिया नहीं उठाया जाएगा और न ही शहर में कोई जुलूस निकलेगा।
हालांकि, अकीदतमंदों और ज़ायरीन के लिए बड़ा ताजिया इमामबाड़ा खुला रहेगा, जहां लोग पहुंचकर ज़ियारत, फातेहा और नियाज़ में शामिल हो सकेंगे। धार्मिक रस्मों और मजलिसों का आयोजन पूर्व वर्षों की तरह इमामबाड़े पर ही किया जाएगा।
कमेटी के सचिव इमरान खान ने बताया कि 10वीं मोहर्रम को ताजिए से संबंधित अकीदत के फूलों को एक वाहन के माध्यम से कर्बला ले जाया जाएगा, जहां उन्हें धार्मिक परंपरा के अनुसार दफन किया जाएगा।
बैठक में कमेटी के कई सदस्य मौजूद रहे और सभी ने शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से मोहर्रम मनाने की अपील की। इस निर्णय के बाद शहर के लोगों और अकीदतमंदों के बीच इस वर्ष के मोहर्रम आयोजन को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है।

No comments