वाराणसी में हाई-प्रोफाइल चोरी का खुलासा: 200 CCTV कैमरों की मदद से 4 आरोपी गिरफ्तार, करोड़ों के जेवर बरामद
वाराणसी के शिवपुर क्षेत्र में जीएसटी अधिकारी के ससुराल में हुई करोड़ों रुपये की सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। एसओजी और शिवपुर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि इस वारदात का मुख्य साजिशकर्ता अभी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में सोने-हीरे के आभूषण, नकदी और अवैध हथियार बरामद किए हैं।
200 CCTV कैमरों की जांच के बाद मिला सुराग
पुलिस अधिकारियों के अनुसार चोरी की इस बड़ी वारदात को सुलझाने के लिए करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। लंबी पड़ताल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली। मामले के सफल खुलासे पर पुलिस टीम को एक लाख रुपये का पुरस्कार भी दिया गया है।
परिवार के बाहर जाने का उठाया था फायदा
जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से बिहार के सासाराम निवासी विनोद कुमार का मकान शिवपुर क्षेत्र में स्थित है। उनके दामाद मेरठ में जीएसटी विभाग में कमिश्नर पद पर तैनात हैं। 1 जून को परिवार के सभी सदस्य एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बिहार गए हुए थे। इसी दौरान बंद पड़े मकान को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों नहीं बल्कि करोड़ों के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
मुठभेड़ में पकड़ा गया एक आरोपी
पुलिस ने शुक्रवार सुबह एक कार्रवाई के दौरान आरोपी विशाल को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। इसके अलावा रोहित पाल, यश सिंह और अमन सेठ को शिवपुर थाना क्षेत्र में गंगोत्री इंटर कॉलेज के पास से दबोच लिया गया। पुलिस के अनुसार चित्रांश उर्फ चीकू नामक आरोपी अभी फरार है और उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
![]() |
| पुलिस के गिरफ्त में आरोपी |
कई मामलों में पहले से वांछित हैं आरोपी
डीसीपी वरुण प्रमोद कुमार के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी पहले भी चोरी की घटनाओं में शामिल रहे हैं। विशाल के खिलाफ लगभग 15 और यश सिंह के खिलाफ 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। अमन सेठ चोरी के जेवरों को गलाकर उनकी पहचान मिटाने का काम करता था। जांच में यह भी सामने आया कि फरार आरोपी चित्रांश उर्फ चीकू ने पूरी वारदात की योजना बनाई थी और चोरी के लिए चंदौली से चोरी की गई बाइक उपलब्ध कराई थी। घटना के बाद बाइक को मिर्जापुर में छोड़ दिया गया था।
भारी मात्रा में सोना, हीरे और नकदी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 900 ग्राम सोना, हीरे के आभूषण, सोने की चेन, अंगूठियां और करीब 4.27 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा एक अवैध 315 बोर तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है।पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और मामले की आगे की जांच जारी है।



No comments