मुहर्रम और नीट-2026 को लेकर पुलिस आयुक्त सख्त, समयबद्ध विवेचना व अपराध नियंत्रण पर दिए कड़े निर्देश
वाराणसी :- पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने शुक्रवार को कैंप कार्यालय में राजपत्रित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, गुणवत्तापूर्ण विवेचना तथा आगामी मुहर्रम पर्व एवं नीट-2026 परीक्षा की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई, लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण तथा त्योहारों और परीक्षाओं के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि सामान्य अपराधों की विवेचना 60 दिनों तथा जघन्य अपराधों की विवेचना 90 दिनों के भीतर पूर्ण करना हर स्तर के अधिकारी की जिम्मेदारी है। एससी-एसटी, दहेज हत्या, गैंगस्टर एक्ट एवं एसआर श्रेणी के मामलों को प्राथमिकता देते हुए निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित की जाए। उन्होंने प्रत्येक डीसीपी को अपने जोन में विवेचनाओं की साप्ताहिक समीक्षा करने तथा लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।बैठक में चिन्हित अपराधियों के विरुद्ध एनएसए, गुण्डा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट एवं हिस्ट्रीशीट जैसी वैधानिक कार्यवाहियों को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। साथ ही चोरी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए रात्रि गश्त को मजबूत करने तथा पेशेवर अपराधियों की लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
मुहर्रम पर्व की तैयारियों की समीक्षा करते हुए पुलिस आयुक्त ने सभी अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों का स्वयं भ्रमण करने, जुलूस मार्गों एवं ड्यूटी प्वाइंट का सत्यापन करने, रूफटॉप ड्यूटी लगाने तथा ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने जुलूस मार्गों पर अतिक्रमण की स्थिति का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा।
नीट-2026 परीक्षा को लेकर उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सोशल मीडिया की सतत मॉनिटरिंग तथा परीक्षा संबंधी अफवाहों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष बल दिया, ताकि अभ्यर्थियों और अभिभावकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था/मुख्यालय शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त अपराध आलोक प्रियदर्शी, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू सहित जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे।


No comments