• Breaking News

    असम में बड़ा सैन्य हादसा: जोरहाट में क्रैश हुआ वायुसेना का AN-32 विमान, पांच जवानों ने दी शहादत; जांच के आदेश

    गुवाहाटी/जोरहाट:- असम के जोरहाट स्थित वायुसेना स्टेशन पर शनिवार सुबह भारतीय वायुसेना का AN-32 परिवहन विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भीषण हादसे में वायुसेना के पांच बहादुर जवान शहीद हो गए। दुर्घटना के बाद पूरे सैन्य और राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

    हादसे में स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीर वायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीर वायु दानिश आलम ने अपने प्राण न्योछावर कर दिए। रक्षा मंत्री ने कहा कि देश इन वीर जवानों की बहादुरी, समर्पण और सेवा को सदैव सम्मान और कृतज्ञता के साथ याद रखेगा।

    लैंडिंग के दौरान हुआ हादसा

    जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10 बजे AN-32 विमान नियमित उड़ान पूरी करने के बाद जोरहाट के रोवरिया स्थित एयरफोर्स स्टेशन पर उतर रहा था। इसी दौरान विमान अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, क्रैश के तुरंत बाद विमान में आग लग गई और वह दो हिस्सों में टूट गया। घटनास्थल पर धुएं का घना गुबार उठता दिखाई दिया।

    सूचना मिलते ही दमकल और बचाव दल मौके पर पहुंच गए तथा आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक पांचों जवानों की जान जा चुकी थी।

    वायुसेना ने दिए जांच के आदेश

    भारतीय वायुसेना ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए ‘कोर्ट ऑफ इंक्वायरी’ गठित की जा रही है। वायुसेना ने कहा कि तकनीकी विशेषज्ञों की टीम हादसे के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच करेगी ताकि दुर्घटना की वास्तविक वजह सामने आ सके।

    तकनीकी खामी या अन्य कारणों की होगी पड़ताल

    प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे के समय मौसम सामान्य था और दृश्यता भी पर्याप्त बताई जा रही है। ऐसे में जांच एजेंसियां तकनीकी खराबी, रखरखाव संबंधी मुद्दों और अन्य संभावित कारणों की गहन जांच करेंगी।

    गौरतलब है कि AN-32 भारतीय वायुसेना का एक महत्वपूर्ण परिवहन विमान रहा है और दशकों से विभिन्न सैन्य अभियानों में अपनी भूमिका निभाता रहा है। हालांकि अतीत में भी इस श्रेणी के विमानों से जुड़े कई हादसे सामने आ चुके हैं।

    इस दुखद दुर्घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया है। शहीद जवानों की शहादत को देश हमेशा सम्मान के साथ याद रखेगा।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad