वाराणसी रोडवेज क्षेत्र में शराब तस्करों पर शिकंजा, 37 लीटर शराब के साथ तीन गिरफ्तार
वाराणसी :- कैंट रोडवेज क्षेत्र इन दिनों शराब तस्करों के लिए प्रमुख ट्रांजिट प्वाइंट बनता जा रहा है। हालांकि स्थानीय पुलिस लगातार अभियान चलाकर तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर रही है। इसी क्रम में सिगरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 37 लीटर देसी और विदेशी शराब के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान रोडवेज के पास बंद पेट्रोल पंप के बाहर संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तीन व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से 33 बोतल और 153 पाउच देसी व विदेशी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा करीब 37 लीटर है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लड्डू कुमार निवासी अगिआंव, भोजपुर (बिहार), कौशल कुमार निवासी मोगलकुआ, नालंदा (बिहार) और चंद्रेश्वर पासवान के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि बरामद शराब को चोरी-छिपे बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी थी।
पुलिस के अनुसार रोडवेज क्षेत्र से बिहार जाने वाले यात्रियों और वाहनों की अधिक आवाजाही के कारण तस्कर इस इलाके का इस्तेमाल शराब की तस्करी के लिए कर रहे हैं। इसी वजह से पुलिस ने क्षेत्र में निगरानी और चेकिंग अभियान तेज कर दिया है।इस कार्रवाई में कार्यवाहक रोडवेज चौकी प्रभारी प्रशांत कुमार बंधु, हेड कांस्टेबल जितेंद्र कुमार सिंह, दिनेश कुमार, कांस्टेबल अजीत कुमार तथा कर्मजीत यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


No comments