मोहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, नई परंपरा की नहीं होगी शुरुआत, ड्रोन और सोशल मीडिया से होगी निगरानी : पुलिस आयुक्त
वाराणसी :- आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को ट्रैफिक पुलिस लाइन सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने की। इसमें धर्मगुरु, इमाम, ताजियेदार, सिविल डिफेंस के सदस्य तथा प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शांति समिति के सदस्यों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को उनके समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष में सभी त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए हैं और इस बार भी मोहर्रम परंपरागत तरीके से सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी नई परंपरा शुरू नहीं की जाएगी तथा ताजिया जुलूस पारंपरिक मार्गों से ही निकाले जाएंगे।जिलाधिकारी ने ताजियेदारों से अपील की कि ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाए तथा किसी भी प्रकार का ऐसा कार्य न किया जाए जिससे किसी की भावनाएं आहत हों। उन्होंने निर्देश दिया कि ताजियों के साथ किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन न किया जाए और डीजे की आवाज निर्धारित सीमा में रखी जाए।बैठक में नगर निगम, पंचायतीराज, विद्युत, लोक निर्माण एवं अन्य विभागों को विशेष निर्देश दिए गए। ताजिया स्थलों और जुलूस मार्गों पर साफ-सफाई, चूने का छिड़काव, पेयजल की व्यवस्था, खराब हैंडपंपों और आरओ प्लांटों की मरम्मत, निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा सड़कों और गलियों के गड्ढों को भरने के निर्देश दिए गए। साथ ही पेड़ों की छंटाई, प्रकाश व्यवस्था और सीवेज संबंधी समस्याओं को भी समय रहते दूर करने को कहा गया।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि त्योहार की गरिमा बनाए रखते हुए सभी लोग शांतिपूर्ण ढंग से मोहर्रम मनाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि आधुनिक तकनीक और सीसीटीवी निगरानी के दौर में कोई भी अपराधी बच नहीं सकता। उन्होंने सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट न करने की अपील करते हुए कहा कि अफवाहों की सूचना तत्काल प्रशासन या नजदीकी थाने को दी जाए।पुलिस आयुक्त ने बताया कि मोहर्रम के दौरान सोशल मीडिया और ड्रोन कैमरों के माध्यम से विशेष निगरानी रखी जाएगी। संवेदनशील एवं चिन्हित स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी ताकि कानून-व्यवस्था पूरी तरह बनी रहे।
बैठक में अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीना, एडीएम सिटी पंकज कुमार, डीसीपी गौरव बंसवाल, नीतू कादयान, एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा समेत जनपद की विभिन्न मस्जिदों के इमाम और शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।






No comments