फिरोजाबाद जैसी वारदात से दहला वाराणसी, मासूम बच्ची को 4 सेकंड में दो बार पटका; आरोपी बोला- देनी थी बलि
- मोहम्मद रिजवान
वाराणसी :- सारनाथ थाना क्षेत्र के अकथा गांव स्थित वनवासी मुसहर बस्ती में शनिवार शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई। एक युवक ने कथित तौर पर एक माह की दुधमुंही बच्ची को उसके दादा की गोद से छीनकर जमीन पर पटक दिया, जिससे बच्ची घायल हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और स्थानीय लोगों ने अकथा तिराहे पर चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
परिजनों के अनुसार, शनिवार शाम करीब छह बजे बच्ची के दादा पप्पू अपनी पोती को गोद में लेकर घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला विकास यादव पुत्र शोभा यादव वहां पहुंचा और अचानक बच्ची को गोद से छीन लिया। आरोप है कि उसने बच्ची को जमीन पर पटक दिया। जब आसपास के लोगों ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने दोबारा बच्ची को उठाकर जमीन पर पटक दिया। उसने चार सेकंड में दो बार बच्ची को जमीन पर पटका।घायल बच्ची को तत्काल परिजन श्रीनगर कॉलोनी स्थित किलकारी हॉस्पिटल में भर्ती कराए, जहां उसका उपचार चल रहा है। बच्ची के पिता राजेश जीविकोपार्जन के लिए हवेलिया चौराहे पर मूर्तियां बनाने का काम करते हैं, जबकि उसकी मां रेनू गृहिणी हैं।
परिजनों में मचा कोहराम
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के मुताबिक, पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कहा कि उसे 'भगवान ने बलि देने' के लिए कहा था, इसलिए उसने यह कृत्य किया। हालांकि पुलिस इस बयान की भी जांच कर रही है।
घटना से नाराज वनवासी बस्ती के लोगों ने रात करीब साढ़े आठ बजे अकथा तिराहे पर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर करीब आधे घंटे बाद जाम समाप्त कराया।
एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना ने बताया कि बच्ची को पटकने के आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया है। घायल बच्ची का उपचार जारी है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।


No comments