• Breaking News

    वाराणसी में जमीन विवाद बना जानलेवा: बरजी गांव में किसान की पीट-पीटकर हत्या, गांव में तनाव


    पुरानी रंजिश में बुलाकर किया हमला; इलाज के दौरान किसान ने तोड़ा दम, चार आरोपियों पर हत्या का मुकदमा

    वाराणसी :- फूलपुर थाना क्षेत्र के बरजी गांव में शनिवार शाम जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां एक बुजुर्ग किसान की बेरहमी से पिटाई के बाद मौत हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामले में चार लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

    बहाने से बुलाकर किया हमला

    मृतक की पहचान बरजी गांव निवासी भोतू यादव (60) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, शनिवार शाम वह अपने खेत के पास स्थित पंपिंग सेट पर थे। आरोप है कि गांव के ही अनीश ने उन्हें किसी काम के बहाने बुलाया। वहां पहले से मौजूद लोगों से कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।

    आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। परिजनों का कहना है कि भोतू यादव जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते रहे, लेकिन आरोपियों ने पीछा कर उन्हें बुरी तरह पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

    अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत

    घटना के बाद घायल किसान को पहले पिंडरा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें डीडीयू अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से बेहतर इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

    पहले भी हो चुका था विवाद

    ग्रामीणों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। कुछ समय पहले एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान भी दोनों पक्ष आमने-सामने आ चुके थे। तब से गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई थी।

    चार नामजद आरोपियों पर हत्या का केस दर्ज

    मृतक के बेटे ललित मोहन यादव की शिकायत पर पुलिस ने अनीश, धर्मराज समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

    पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले की जांच जारी है।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad