आधी रात भूकंप से कांपे 5 देश, भूटान में 5.6 तीव्रता के झटकों से मची दहशत; भारत समेत कई इलाकों में महसूस हुआ असर
भूकंप के बाद भूटान की राजधानी थिम्पू, पारो और अन्य कई क्षेत्रों में इमारतों में कंपन महसूस किया गया। देर रात आए झटकों से घबराकर लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए। कुछ समय तक कई इलाकों में अफरा-तफरी जैसी स्थिति बनी रही।
भारत समेत 5 देशों तक महसूस हुए झटके
भूकंप का असर केवल भूटान तक सीमित नहीं रहा। इसके झटके भारत, नेपाल, बांग्लादेश और चीन के कई हिस्सों में भी महसूस किए गए। भारत के असम, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कई इलाकों में लोगों ने कंपन महसूस होने की जानकारी दी। सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोग देर रात तक सतर्क बने रहे।
हालांकि, अब तक किसी बड़े जान-माल के नुकसान या हताहत होने की कोई आधिकारिक सूचना सामने नहीं आई है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन एजेंसियां हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
पश्चिम बंगाल के कई जिलों में भी महसूस हुआ असर
भूकंप के झटके पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों तक पहुंचे। कोलकाता समेत उत्तर बंगाल के कुछ जिलों में लोगों ने घरों और ऊंची इमारतों में कंपन महसूस किया। कई लोगों ने बताया कि पंखे और घरेलू सामान हिलते नजर आए।
सिलीगुड़ी, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जैसे क्षेत्रों में भी लोग झटके महसूस होने के बाद घरों से बाहर निकल आए। हालांकि राहत की बात यह रही कि फिलहाल किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है, लेकिन अचानक आए झटकों ने लोगों में डर जरूर पैदा कर दिया।

No comments