सड़क पर बच्चियों को दौड़ाया, प्राइवेट पार्ट दिखाकर मचाया खौफ, CCTV से आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी :- शिवपुर क्षेत्र में नाबालिग छात्राओं के साथ हुई एक शर्मनाक घटना ने लोगों को झकझोर दिया है। संस्कृत विद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं का एक स्कूटी सवार युवक ने रास्ते में पीछा किया और उनके साथ अशोभनीय हरकत की। घबराई बच्चियों ने किसी तरह एक घर में पहुंचकर मदद मांगी और खुद को सुरक्षित किया।
घटना दिनदहाड़े हुई और इसकी पूरी गतिविधि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। परिजनों द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच शुरू की। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
31 मई को हुई थी घटना
जानकारी के अनुसार, शिवपुर थाना क्षेत्र स्थित एक संस्कृत विद्यालय में विभिन्न जिलों से बच्चे पढ़ने आते हैं। 31 मई को विद्यालय से लौटते समय गाजीपुर निवासी तीन नाबालिग छात्राएं रास्ते से गुजर रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान एक स्कूटी सवार युवक ने सुनसान जगह देखकर उनका पीछा करना शुरू कर दिया और उनके सामने अश्लील हरकत की।
अचानक हुई इस घटना से छात्राएं घबरा गईं और रोते हुए सड़क पर भागने लगीं। आरोप है कि युवक भी स्कूटी से उनके पीछे बढ़ता रहा। डर से सहमी बच्चियां एक मकान के सामने पहुंचीं और मदद की गुहार लगाने लगीं। घर के लोगों ने तुरंत गेट खोलकर उन्हें अंदर लिया। लोगों को बाहर आता देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया।
सीसीटीवी से आरोपी तक पहुंची पुलिस
घटना के बाद बच्चियों ने पूरी बात अपने परिजनों को बताई, जिसके बाद 4 जून को शिवपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने जांच के दौरान इलाके के कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपी की पहचान की।
एसीपी कैंट अपूर्व कुमार के अनुसार आरोपी की पहचान चेतगंज निवासी 27 वर्षीय यशवंत राज के रूप में हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पोक्सो सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए जेल भेज दिया है।

No comments