नदी के बीच पार्टी का वीडियो वायरल होते ही पुलिस का एक्शन, नाविक सहित 5 गिरफ्तार
वाराणसी :- गंगा नदी में नाव पर बैठकर शराब पीने और मांसाहार करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। दशाश्वमेध थाना पुलिस ने मामले में नाविक समेत पांच युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने संबंधित नाव को भी सीज कर दिया है और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में कुछ युवक गंगा नदी के बीच नाव पर पार्टी करते नजर आ रहे थे। वीडियो में शराब और नॉनवेज भोजन का सेवन दिखाई देने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान वीडियो में मौजूद सभी लोगों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों में दीपक कुमार (25 वर्ष), अजय साहनी (20 वर्ष), अरुण कुमार साहनी (22 वर्ष), अनुराग निषाद (31 वर्ष) और राहुल साहनी (28 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी रामनगर और आसपास के क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं। इनमें अजय साहनी नाव चलाने का काम करता है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दशाश्वमेध थाने में मुकदमा अपराध संख्या 143/26 दर्ज किया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196(2) और 299 के तहत कार्रवाई की गई है।
सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि गंगा घाट क्षेत्र से जुड़ा एक आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने की सूचना मिलने पर तत्काल जांच कराई गई। जांच में वीडियो में दिखाई दे रहे सभी व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही जिस नाव पर पार्टी की गई थी, उसे भी सीज कर दिया गया है।पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि वायरल वीडियो हाल का नहीं बल्कि पुराना हो सकता है। वीडियो में दिखाई दे रहे मौसम और अन्य परिस्थितियों के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि इसे सर्दियों के दौरान शूट किया गया था। हालांकि, गंगा और घाटों की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता को देखते हुए पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की।
गौरतलब है कि इससे पहले भी गंगा नदी में नाव पर मांसाहार और शराब सेवन से जुड़े वीडियो सामने आने पर पुलिस कार्रवाई कर चुकी है। रमजान के दौरान वायरल हुए एक मामले में इफ्तारी के समय नाव पर चिकन और बिरयानी खाते दिखाई देने वाले 18 युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। बाद में उन्हें न्यायालय से जमानत मिली थी। वहीं, एक अन्य मामले में गंगा नदी में नाव पर बीयर पीते हुए वीडियो वायरल होने पर एक युवक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की गई थी।


No comments