• Breaking News

    लखनऊ अग्निकांड: मुख्यमंत्री योगी ने किया घटनास्थल का दौरा, मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख और घायलों को 50 हजार रुपये सहायता का ऐलान

    लखनऊ :-
    राजधानी के अलीगंज क्षेत्र में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना अलीगढ़ दौरा बीच में ही रद्द कर दिया और सीधे लखनऊ पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने आग से प्रभावित भवन का जायजा लिया और आसपास की इमारतों की छत पर जाकर भी हालात का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से हादसे के कारणों और राहत-बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी ली तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हृदयविदारक घटना में जान गंवाने वाले बच्चों के प्रति गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
    केजीएमयू पहुंचकर घायलों का जाना हाल

    घटनास्थल के निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री सीधे किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) पहुंचे, जहां उन्होंने भर्ती घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने घायल बच्चों का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उनके उपचार की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और उन्हें सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
    केजीएमयू की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद ने मुख्यमंत्री को घायलों के स्वास्थ्य और उपचार संबंधी विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर स्तर पर उनके साथ खड़ी है।

    शोक संतप्त परिवारों को बंधाया ढांढस

    केजीएमयू में मुख्यमंत्री की मुलाकात मृतकों के परिजनों से भी हुई। उन्होंने गहरा दुख व्यक्त करते हुए परिवारों को सांत्वना दी और कहा कि सरकार उनकी पीड़ा को समझती है। मुख्यमंत्री ने कहा, "हम खोई हुई जिंदगियां वापस नहीं ला सकते, लेकिन यह भरोसा दिलाते हैं कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। सरकार हर कदम पर पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।"

    वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

    मुख्यमंत्री के साथ उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, विधायक नीरज बोरा, अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण, अपर मुख्य सचिव (चिकित्सा) अमित कुमार घोष, डीजी फायर सर्विस सुजीत पांडेय, लखनऊ मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत और जिलाधिकारी विशाख जी. सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
    अग्निकांड के बाद प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि हादसे के कारणों की गहन जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad