जौनपुर में बड़ा पुलिस प्रशासनिक बदलाव: पहली बार महिला अधिकारी बनीं शहर कोतवाल, अनीता सिंह ने संभाला पदभार
वाराणसी/जौनपुर :- शहर कोतवाली में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव देखने को मिला है। निरीक्षक अनीता सिंह को नई शहर कोतवाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस नियुक्ति के साथ ही जौनपुर को पहली बार महिला शहर कोतवाल मिली हैं, जिससे यह फैसला जिले में चर्चा का विषय बन गया है।
बताया जा रहा है कि इससे पहले शहर कोतवाली की कमान संभालने वाले त्रिवेणी सिंह का कार्यकाल बेहद छोटा रहा। उन्होंने हाल ही में पदभार ग्रहण किया था, लेकिन कुछ ही दिनों के भीतर उनका गैर जनपद तबादला कर दिया गया। माना जा रहा है कि शहर कोतवाल के रूप में उनका कार्यकाल जिले के सबसे छोटे कार्यकालों में शामिल हो सकता है।
अनीता सिंह मूल रूप से बलिया की रहने वाली हैं और वर्ष 2010 बैच में उपनिरीक्षक के रूप में पुलिस सेवा में शामिल हुई थीं। विभागीय पदोन्नति के बाद उन्हें निरीक्षक बनाया गया। इससे पहले वह महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े विभागों में भी अहम जिम्मेदारियां निभा चुकी हैं और कई प्रशासनिक कार्यों का अनुभव रखती हैं।
जानकारी के मुताबिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा हाल ही में शहर कोतवाली में नई तैनाती की गई थी, लेकिन कुछ कारणों से स्थिति में बदलाव हुआ और अंततः अनीता सिंह को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। शुक्रवार को उन्होंने औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया।
अब शहर में कानून व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और पुलिसिंग के नए तरीके को लेकर लोगों की नजरें नई शहर कोतवाल पर बनी हुई हैं।

No comments