काशी के श्रीविद्या मठ हनुमान मंदिर चोरी कांड का खुलासा, मुख्य आरोपी सहित तीन लोग गिरफ्तार
पुलिस ने चोरी के आभूषणों के साथ नकदी भी की बरामद; खरीदार बने दो सर्राफा कारोबारी भी कार्रवाई की जद में
वाराणसी :- भेलूपुर थाना क्षेत्र के शंकराचार्य घाट स्थित श्रीविद्या मठ के श्री हनुमान मंदिर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। संयुक्त कार्रवाई करते हुए भेलूपुर पुलिस और क्राइम/सर्विलांस टीम ने चोरी की वारदात में शामिल मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले दो सर्राफा कारोबारियों को भी गिरफ्तार किया है।बताया गया कि बीती 24 अप्रैल की रात मंदिर परिसर में चोरी की घटना हुई थी। अज्ञात व्यक्ति मंदिर से भगवान के श्रृंगार में प्रयुक्त चांदी के आभूषण, पीतल के पूजन पात्र तथा अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान तकनीकी निगरानी और अन्य सूचनाओं के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंच गई थी, लेकिन वह लगातार मोबाइल बंद कर अपनी लोकेशन छिपाकर बचने की कोशिश कर रहा था। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर रत्नाकर पार्क क्षेत्र से आरोपी राजू खान को गिरफ्तार कर लिया। वह लंका थाना क्षेत्र के नारिया इलाके का निवासी बताया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि मंदिर से चोरी किए गए आभूषण उसने स्थानीय सर्राफा कारोबारियों को बेच दिए थे। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ध्रुव कुमार वर्मा और संतोष वर्मा नामक दो व्यापारियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से चांदी के मुकुट, चांदी की चैन, टूटी हुई गदा का हिस्सा, पीतल का लोटा और नकदी बरामद हुई है।
जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी राजू खान पहले भी कई चोरी के मामलों में जेल जा चुका है और उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
मोहम्मद रिजवान


No comments