वाराणसी: कई संगीन मामलों के आरोपी हिस्ट्रीशीटर ने दी जान, सूचना पर पहुंची पुलिस
वाराणसी के लक्सा थाना क्षेत्र स्थित औरंगाबाद इलाके में रविवार को एक हिस्ट्रीशीटर की आत्महत्या की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान अनिल यादव उर्फ पट्टी के रूप में हुई है, जो पुलिस रिकॉर्ड में चिन्हित अपराधी था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी।पुलिस जानकारी के अनुसार अनिल यादव के खिलाफ हत्या, लूट, मारपीट और रंगदारी जैसे गंभीर मामलों सहित दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज थे। वह कई चर्चित घटनाओं में आरोपी भी रह चुका था। उसकी हिस्ट्रीशीट संख्या 38A दर्ज थी और एक समय उस पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
परिजनों ने बताया कि काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर शक हुआ। सूचना मिलने पर उसका छोटा भाई मौके पर पहुंचा और दरवाजा तोड़कर अंदर गया। कमरे में अनिल फंदे से लटका मिला। आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार का कहना है कि करीब दो महीने पहले उसे जिला बदर किया गया था, लेकिन इसके बावजूद पुलिस द्वारा थाने बुलाए जाने को लेकर वह परेशान रहता था। परिजनों के मुताबिक इन परिस्थितियों के चलते वह मानसिक तनाव में था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

No comments