• Breaking News

    इंस्टाग्राम पर हुआ प्यार, वाराणसी पहुंची युवती; शादी से इनकार पर प्रेमी के घर खाया जहर, अस्पताल में भर्ती

    • मोहम्मद रिजवान
    वाराणसी :- महाराष्ट्र की एक युवती ने कथित तौर पर प्रेमी के परिवार द्वारा शादी से इनकार किए जाने के बाद उसके घर पर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास कर लिया। गंभीर हालत में उसे पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।

    जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के पालघर जिले की रहने वाली 19 वर्षीय चांदनी की करीब एक वर्ष पूर्व इंस्टाग्राम के माध्यम से सारनाथ क्षेत्र के पुराना पुल निवासी निहाल राजभर से पहचान हुई थी। बातचीत बढ़ने के साथ दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए। युवती का आरोप है कि युवक ने उससे शादी का वादा किया था।

    बताया जाता है कि करीब 25 दिन पहले चांदनी अपने घर से वाराणसी आ गई थी। उस समय युवक के परिवार वालों ने विवाह के लिए सहमति नहीं दी और उसे भविष्य में शादी कराने का आश्वासन देकर वापस महाराष्ट्र भेज दिया था।

    मंगलवार को युवती एक बार फिर वाराणसी पहुंची और सारनाथ थाने जाने के बाद सीधे युवक के घर पहुंच गई। आरोप है कि वहां मौजूद परिजनों ने उसे अपनाने से इनकार कर दिया और घर से जाने को कहा। इससे आहत युवती वहां से निकल गई।

    इसके बाद वह पंचकोशी चौराहे के पास पहुंची, जहां से उसने कथित रूप से चूहा मारने की दवा खरीदी। कुछ देर बाद वह दोबारा प्रेमी के घर पहुंची और वहीं जहरीला पदार्थ खा लिया। युवती की हालत बिगड़ते देख परिजनों में हड़कंप मच गया।

    युवक की मां ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सारनाथ पुलिस ने युवती को उपचार के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

    घटना की जानकारी मिलने पर एसीपी कैंट अपूर्व पांडेय तथा मजिस्ट्रेट अस्पताल पहुंचे और युवती का बयान दर्ज किया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है तथा दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार युवती की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad