दालमंडी में ध्वस्तीकरण अभियान तेज, पुराने जर्जर भवन हटाए गए, 11 जून से 16 नए मकानों पर कार्रवाई
वाराणसी :- दालमंडी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण और विकास कार्यों के तहत चल रहा ध्वस्तीकरण अभियान लगातार जारी है। बुधवार को प्रशासन और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की देखरेख में कई पुराने एवं जर्जर भवनों को पोकलेन मशीन और जेसीबी की सहायता से गिराया गया। क्षेत्र में बड़ी संख्या में मजदूरों को भी लगाया गया है, जो मलबा हटाने और भवनों को तोड़ने के कार्य में जुटे रहे।अधिकारियों के अनुसार अब तक 100 से अधिक मकानों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा चुकी है। अभियान को गति देने के लिए पोकलेन मशीन के साथ 50 से अधिक मजदूरों की तैनाती की गई है। पूरे दिन मशीनों और श्रमिकों की मदद से पुराने भवनों को हटाने का कार्य चलता रहा।पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता के.के. सिंह तथा एसीपी अतुल अंजन त्रिपाठी ने बताया कि दालमंडी क्षेत्र में विकास परियोजना के तहत ध्वस्तीकरण अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि आगामी 11 जून से 16 अन्य भवनों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए प्रशासनिक और तकनीकी स्तर पर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
अधिकारियों का कहना है कि अभियान के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है ताकि स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। प्रशासन की निगरानी में पूरे क्षेत्र में चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई की जा रही है।



No comments