• Breaking News

    मानसून से पहले अलर्ट मोड में प्रशासन, बिजली और जलभराव पर मंत्री ए.के. शर्मा की सख्ती

    वाराणसी :-
    उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने सोमवार को वाराणसी में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को मानसून से पहले सभी जरूरी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि बारिश के दौरान जलभराव या बिजली आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

    सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में मंत्री ने नगर निगम एवं अन्य निकायों के अधिकारियों को नालों-नालियों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने और मानसून से जुड़ी तैयारियों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि बारिश के दौरान शहर में कहीं भी जलभराव की स्थिति न बनने पाए और इसके लिए लगातार निगरानी की जाए।

    ए.के. शर्मा ने शहर की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने सड़क किनारे, डिवाइडरों और सार्वजनिक स्थलों पर जमा कूड़ा-कचरा हटाने, व्यापक पौधरोपण अभियान चलाने तथा हरित वातावरण विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुव्यवस्थित शहर ही बेहतर जीवन गुणवत्ता का आधार होते हैं।
    बैठक में नगर विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं और निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा भी की गई। मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सभी विकास कार्य तय समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। जनहित से जुड़े कार्यों में देरी या लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

    ऊर्जा विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने बिजली आपूर्ति की स्थिति, ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने, खराब ट्रांसफार्मरों के शीघ्र प्रतिस्थापन और वितरण तंत्र को मजबूत करने के कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराई जाए।

    उन्होंने कहा कि गर्मी और मानसून के मौसम में बिजली व्यवस्था पर विशेष सतर्कता बरती जाए तथा संभावित तकनीकी खामियों को पहले ही दूर कर लिया जाए। साथ ही 1912 विद्युत हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि शिकायतों की नियमित समीक्षा हो और उपभोक्ताओं की समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाए।

    बैठक के अंत में ए.के. शर्मा ने कहा कि नगर विकास और ऊर्जा विभाग की सेवाएं सीधे आम लोगों के जीवन से जुड़ी हैं। इसलिए सभी अधिकारी संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करें, ताकि जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। बैठक में दोनों विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad